जौनपुर में सफाई कर्मियों ने अपनाई पीएम सूर्य घर योजना
सोलर पैनल लगाकर बने मिसाल, मुख्य विकास अधिकारी ने किया सम्मानित

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अब गांवों तक अपनी रोशनी पहुंचा रही है। इस योजना के तहत जौनपुर जिले के तीन सफाई कर्मियों ने अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर न केवल बिजली बिल से राहत पाई, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।
योजना के अंतर्गत नागरिक अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर करीब 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही यदि अधिक बिजली का उत्पादन होता है तो उसे विद्युत ग्रिड को बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित की जा सकती है। सरकार सोलर पैनल स्थापना के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार सब्सिडी भी प्रदान कर रही है।
इसी क्रम में पंचायती राज विभाग के अंतर्गत कार्यरत सफाई कर्मी श्याम सुन्दर लाल (ग्राम पंचायत लेदुवा), शशिकांत (ग्राम पंचायत चांदपुर) और प्रभावती पाल (ग्राम पंचायत सराय रायचंद), विकासखंड सिकरारा ने अपने घरों पर सोलर पैनल लगाकर योजना का लाभ उठाया है।
इन सफाई कर्मियों के इस सराहनीय प्रयास को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने उन्हें सम्मानित कर प्रोत्साहित किया। अधिकारियों ने कहा कि यह पहल अन्य लोगों को भी सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करेगी, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और बिजली बिल का बोझ भी कम होगा।






