यूपी पुलिस SI परीक्षा 2026: डीएम-एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट: जनपद चित्रकूट में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर लिखित परीक्षा 2026 को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की चेकिंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की तैनाती का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल या अनुचित गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
इस दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से भी अपील की कि वे नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा दें और प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन द्वारा परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।






