जौनपुर में ईद को लेकर हाई अलर्ट, डीएम-एसपी ने ईदगाह का किया निरीक्षण, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जनपद में आगामी ईद-उल-फितर के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मछलीशहर पड़ाव स्थित ईदगाह का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईदगाह परिसर, आसपास के इलाकों, प्रमुख मार्गों और प्रवेश-निकास बिंदुओं का गहन निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की मौजूदगी और सक्रियता का आकलन करते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
चेकिंग अभियान तेज, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति और बैरिकेडिंग की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। नगर निकाय को स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील
अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि ईद का पर्व शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराना प्राथमिकता है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने जनपदवासियों को ईद और चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस श्रृष्टि जैन, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।






