उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर: हत्या के आरोपी की चाकू गोदकर निर्मम हत्या, एक दर्जन हमलावरों ने दौड़ाकर उतारा मौत के घाट

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर : जनपद के जलालपुर और जफराबाद थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित सिरकोनी गांव में बुधवार को प्रतिशोध की आग ने एक और जान ले ली। हत्या के एक मामले में जमानत पर बाहर आए युवक आशिष उर्फ चिघडू चौहान की एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर शव को करीब एक किलोमीटर दूर सड़क पर फेंक कर फरार हो गए।

जान बचाने के लिए घरों में घुसता रहा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जलालपुर के संघईपुर निवासी आशीष चौहान बन्दीपुर स्थित शराब ठेके के पास खड़ा था। तभी करीब एक दर्जन युवकों ने उसे घेर लिया। जान बचाने के लिए आशीष भागकर सिरकोनी गांव की गलियों में घुस गया। वह कई घरों में शरण लेने की कोशिश करता रहा, लेकिन हमलावरों की दहशत के आगे ग्रामीण बेबस नजर आए।

मड़हे में घेरकर किया गया हमला

भागते-भागते आशीष गांव के गुल्लू मौर्य के घर के पीछे स्थित एक मड़हे में जा छिपा। पीछा कर रहे हमलावरों ने उसे वहां दबोच लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। अधिक खून बह जाने के कारण आशीष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हत्यारे लाश को उठाकर बन्दीपुर गांव के पास हाईवे की ओर जाने वाली सड़क पर फेंककर भाग निकले।

ननिहाल में रहकर काट रहा था फरारी

मृतक आशीष उर्फ चिघडू चौहान के बारे में बताया जा रहा है कि वह पूर्व में हुई एक हत्या के मामले में आरोपी था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। अपनी जान के खतरे को देखते हुए वह अपने ननिहाल मड़ियाहूं में रह रहा था। बुधवार को वह किसी काम से बन्दीपुर आया था, जिसकी भनक उसके विरोधियों को लग गई और उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से इस हत्याकांड को अंजाम दिया।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर थाना प्रभारी गजानन्द चौबे और उप निरीक्षक सुजीत ओझा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button