हमीरपुर: खनन खण्ड में खूनी खेल, प्रतिबंधित पोकलैंड मशीन ने ली लोडिंग कर्मी की जान; सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल

जन एक्सप्रेस/ हमीरपुर: जनपद के चिकासी थाना क्षेत्र स्थित बेतवा नदी के मोरम खण्ड संख्या 24/15 में सुरक्षा मानकों की बड़ी अनदेखी एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। लोडिंग के दौरान प्रतिबंधित भारी-भरकम पोकलैंड मशीन के बकेट से टकराकर एक लोडिंग कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने खनन क्षेत्रों में मजदूरों की सुरक्षा और प्रतिबंधित मशीनों के अवैध उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरसेंडा निवासी भारत सिंह (30 वर्ष), पुत्र स्व. हाकिम सिंह, चिकासी के मोरम खण्ड 24/15 (पट्टाधारक मां रकदंतिका कंस्ट्रक्शन) में ट्रकों में मोरम लोडिंग का कार्य करता था। शुक्रवार की रात लोडिंग प्रक्रिया के दौरान पोकलैंड मशीन का भारी-भरकम बकेट अचानक भारत सिंह के सिर से टकरा गया। बकेट की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। खण्ड पर मौजूद लोग घायल भारत सिंह को आनन-फानन में इलाज के लिए उरई मेडिकल कॉलेज ले गए। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सुरक्षा में चूक और प्रतिबंधित मशीनों का खेल
आरोप है कि पट्टाधारक द्वारा खनन खण्ड में कर्मियों की सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। साथ ही, नदी क्षेत्रों में प्रतिबंधित पोकलैंड मशीनों का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है, जो अक्सर हादसों का सबब बनती हैं। चिकासी पुलिस के अनुसार, उन्हें 27 मार्च को घटना की सूचना मिली थी। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, भारत सिंह लोडिंग के दौरान मशीन की चपेट में आया।
पुलिस की कार्रवाई
चिकासी थाना पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर पट्टाधारक और मशीन चालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







