हत्यारोपी पर ईनाम हुआ दोगुना, अब पुलिस देगी 50 हजार रुपये

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में हत्या जैसे संगीन मामले में फरार चल रहे अभियुक्त प्रमोद यादव उर्फ कल्लू पर आईजी प्रयागराज ने ईनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है।
थाना कंधई क्षेत्र के भीटीकला ग्राम निवासी प्रमोद यादव उर्फ कल्लू पुत्र शिव प्रसाद बीते 20 मार्च से लगातार फरार चल रहा है। आरोपी के खिलाफ थाना कंधई में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में दबिश दे रही है, लेकिन वह गिरफ्त से बाहर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने पूर्व में 25 मार्च को आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी न होने की स्थिति में अब आईजी अजय कुमार मिश्रा द्वारा इस पुरस्कार राशि को बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास भी इस अपराधी के बारे में कोई जानकारी हो, तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। प्रतापगढ़ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अपराध और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ यानी शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है। शांति और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।






