उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

हमलावरों ने गोली मारकर की युवक की हत्या, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

एसपी ने कहा हमलावर चिन्हित, जल्द होंगे गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जिले के अंतू थाना इलाके में शनिवार देर शाम एक युवक को हमलावरों ने गोली मार दी और मौके से फरार हो गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार अंतू थाना इलाके के डुहिया महमदापुर गांव में कृष्णकांत शुक्ला अपने ननिहाल में नेवासे पर रहते हैं। शनिवार शाम उनका बड़ा बेटा पंकज शुक्ला ( 32 वर्ष ) पड़ोसी गांव के प्रधान पवन यादव के साथ बाइक से चंडिका देवी धाम दर्शन के लिए जा रहा था। गांव के पास ही कुसहा-मवैया रोड पर रैवी रजानीपुर मोड़ के पास बाइक सवार दो युवकों ने इनका पीछा किया। पवन ने तेजी से बाइक भागने का प्रयास किया लेकिन करीब 500 मीटर आगे वह बाइक समेत गिर गया। तभी पीछे से पहुंचे बाइक सवार युवकों ने पंकज की गर्दन में गोली मार दी। हमलावरों ने पवन को भी मारापीटा और भाग निकले। पवन ने पंकज के एक रिश्तेदार को सूचना दी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंकज को मेडिकल कॉलेज ले गई जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी दीपक भूकर व सीओ सिटी प्रशांतराज हुड्डा भी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया। हमलावर करीब के ही गांव के रहने वाले बताए गए।

एएसपी पूर्वी शैलेंद्र लाल ने बताया कि शनिवार शाम पंकज शुक्ल को गोली मारने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर गई। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पंकज शुक्ल मोटरसाइकिल से थे और उनके साथ उनके दो अन्य साथी भी थे। पूछताछ में बताया कि कुछ दिन पहले विवेक पाण्डेय से गाली गलौज व कहासुनी हुई थी। जिसके कारण विवेक पाण्डेय व उसके एक अन्य साथी द्वारा पंकज को गोली मारी गई है। पुलिस द्वारा परिजनों से तहरीर प्राप्त कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button