उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

वॉलीबॉल खिलाड़ी नैमिष सिंह का केंद्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन, कटियारी क्षेत्र में खुशी की लहर

जन एक्सप्रेस/हरदोई:​ हरदोई जनपद के कटियारी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपना लोहा मनवाया है। क्षेत्र के प्रतिष्ठित जीनियस पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के होनहार वॉलीबॉल खिलाड़ी नैमिष सिंह का चयन खेल निदेशालय की ओर से गवर्नमेंट हॉस्टल (केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर) के लिए हुआ है। खेल निदेशालय द्वारा चयन पत्र जारी होते ही नैमिष के परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है।

​नैमिष सिंह, ककरा निवासी मुनेश्वर सिंह इंटर कॉलेज के प्रबंधक अमित प्रताप सिंह के पुत्र हैं और वर्तमान में जीनियस पब्लिक स्कूल में कक्षा 10 के छात्र हैं। विद्यालय के प्रबंधक गजेंद्र सिंह ने बताया कि नैमिष न केवल खेल के मैदान में उत्कृष्ट हैं, बल्कि पढ़ाई में भी अत्यंत मेधावी हैं। उन्होंने जीनियस पब्लिक स्कूल के कोच के मार्गदर्शन में कठिन प्रशिक्षण प्राप्त कर पूर्व में जिला, मंडल और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी चमक बिखेरी है।

​निदेशालय के निर्देशानुसार, अब नैमिष केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे और अगले तीन वर्षों तक गवर्नमेंट हॉस्टल में रहकर पेशेवर बारीकियां सीखेंगे। उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करना है। विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि कटियारी की यह उभरती हुई प्रतिभा जल्द ही नेशनल मेडल जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button