बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने ईदगाह का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले में बकरीद ( ईद-उल-अजहा ) का पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। इसी कड़ी में गुरुवार को जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के भूलियापुर ईदगाह का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ईदगाह परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधीनस्थों को जरूरी निर्देश दिए।।निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने ईदगाह परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और पार्किंग की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए और पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। पुलिस अधीक्षक ने तैनात पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिले के संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। संयुक्त निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार, एसडीएम सदर अनुष्का शर्मा और सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशांत राज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।




