उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

खरीफ सीजन में किसानों को बड़ी राहत, नहरों में छोड़ा गया पानी

डीएम गौरव सिंह सोगरवाल के विशेष प्रयासों से 50 से अधिक नहरों का संचालन शुरू, टेल तक पानी पहुंचाने के निर्देश

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनपद में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद की नहरों में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध करा दिया गया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के विशेष प्रयासों के फलस्वरूप 25 मई 2026 से नहरों का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। इससे धान सहित अन्य खरीफ फसलों की सिंचाई को लेकर किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड प्रथम विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि वर्तमान में मधुबनी शाखा, महाराजगंज रजवाहा सहित लगभग 50 नहरों में सुचारु रूप से जल प्रवाह कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शेष नहरों में भी चरणबद्ध तरीके से शीघ्र पानी छोड़ा जाएगा, ताकि जनपद के सभी क्षेत्रों के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी तीन से चार दिनों के भीतर सभी नहरों के टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नहर संचालन की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी स्तर पर जलापूर्ति बाधित न होने देने के निर्देश भी दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि किसानों की सुविधा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सिंचाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य किया जाए। नहरों में पानी आने से किसानों की डीजल पंपों पर निर्भरता भी कम होगी, जिससे खेती की लागत में कमी आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button