उत्तर प्रदेशहरदोई

हरदोई में गिरवीं रखे आभूषण लेकर सर्राफा व्यापारी फरार, ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर की शिकायत

जन एक्सप्रेस /हरदोई: हरदोई  जिले के सांडी थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चचरापुर गांव में संचालित आर.एस. ज्वैलर्स का मालिक ग्रामीणों के गिरवी रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित ग्रामीणों ने सांडी थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार चचरापुर और आसपास के कई गांवों के लोगों ने घरेलू जरूरतों, बीमारी और अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में रुपये उधार लेने के लिए अपने सोने-चांदी के आभूषण आर.एस. ज्वैलर्स के यहां गिरवी रखे थे। इसके बदले व्यापारी ने उन्हें नकद रकम दी थी।

आरोप है कि जब ग्रामीण मूल रकम और ब्याज चुकाने के बाद अपने जेवर वापस लेने पहुंचे तो व्यापारी लगातार बहाने बनाकर उन्हें टालता रहा। कुछ दिनों बाद जब लोग दुकान पहुंचे तो दुकान बंद मिली। व्यापारी का मोबाइल फोन भी बंद मिला, जिसके बाद लोगों को ठगी की आशंका हुई।

मामले से परेशान होकर रंजीत सिंह, सरोजिनी, शिव कुमार समेत दो दर्जन से अधिक ग्रामीण सोमवार को सांडी थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी सर्राफा व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और गिरवी रखे गए आभूषण वापस दिलाने की मांग की।

सांडी थाना प्रभारी बसंत राम ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि उनके जेवर उनकी जीवनभर की जमा पूंजी हैं। ऐसे में व्यापारी के फरार होने से वे आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं। पुलिस से उन्हें जल्द न्याय की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button