हरपालपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 5 घायल, चालक गंभीर

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई जिले के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सतौथा गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे ओवरब्रिज के निकट सर्विस रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने एक वैगनआर कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जबकि चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सांडी कस्बे के मोहल्ला मुंशीगंज निवासी श्रीकृष्ण, सीता देवी, शिवांश, वंश और विशाल राठौर मंगलवार सुबह नीमकरोली बाबा के दर्शन के लिए फर्रुखाबाद जनपद के मोहम्मदाबाद जा रहे थे। कार को विशाल राठौर चला रहे थे।
बताया जाता है कि जैसे ही उनकी कार कटरा-विल्हौर मार्ग पर सतौथा गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे नीचे जा गिरी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरपालपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चालक विशाल राठौर को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।






