एसपी ने यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/हरदोई: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 को नकलविहीन, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से सकुशल संपन्न कराने के लिए एसपी अशोक कुमार मीणा ने रविवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार, सीसीटीवी कैमरे, जैमर और अभ्यर्थियों की चेकिंग व्यवस्था को परखा। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या नकल की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने ड्यूटी पर लगे पुलिसकर्मियों से कहा कि वे पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें। अभ्यर्थियों की तलाशी नियमानुसार की जाए और संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।जिले में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए कई परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार भ्रमण कर रही हैं। एसपी ने बताया कि परीक्षा को शुचितापूर्ण कराने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी साइबर सेल नजर रख रही है।एसपी ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे बिना किसी डर के परीक्षा दें और किसी बहकावे में न आएं।




