आजमगढ़ पुलिस की मानवीय पहल: सड़क हादसे में घायल परीक्षार्थी को उपचार दिलाकर समय पर पहुंचाया परीक्षा केंद्र

जन एक्सप्रेस/ आजमगढ़: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे एक परीक्षार्थी की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद आजमगढ़ पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। डायल 112 की पीआरवी टीमों के समन्वय से घायल परीक्षार्थी को पहले उपचार दिलाया गया और फिर समय से परीक्षा केंद्र पहुंचाकर उसकी परीक्षा में उपस्थिति सुनिश्चित कराई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद की डायल 112/पीआरवी इकाइयां लगातार जनसेवा और आपातकालीन सहायता के लिए सक्रिय हैं। इसी क्रम में 8 जून 2026 को पीआरवी-8462 को सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पता चला कि रंजीत कुमार पुत्र शिवपूजन, निवासी जनपद चंदौली, अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल से उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए डीएवी कॉलेज, रैदोपुर स्थित परीक्षा केंद्र जा रहे थे। रास्ते में ग्राम रासेपुर, थाना तरवा क्षेत्र में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों घायल हो गए।
पीआरवी-8462 ने बिना देरी किए दोनों घायलों को नजदीकी निजी चिकित्सालय पहुंचाकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी। चूंकि परीक्षार्थी परीक्षा के लिए निर्धारित समय से प्रभावित हो रहा था, इसलिए पीआरवी-5393 और पीआरवी-5385 के त्वरित समन्वय से उसे सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्र पहुंचाया गया, जहां वह समय से परीक्षा में शामिल हो सका।
आजमगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई संवेदनशील, जनहितकारी और मानवीय पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है, जिसने आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है।

