उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई: कासिमपुर पुलिस ने बाइक चोरी गैंग का किया भंडाफोड़

25 दोपहिया वाहन बरामद, 3 शातिर गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 22 बाइक और 3 स्कूटी समेत कुल 25 दोपहिया वाहन, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बनियनखेड़ा मजरा घुसपाहा के पास स्थित बबूल के जंगल में कुछ संदिग्ध लोग बड़ी संख्या में चोरी के वाहन छिपाकर रखे हुए हैं और उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना कासिमपुर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर जंगल में छापेमारी की।

पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शकील पुत्र जब्बार निवासी बरगदिया खेड़ा, वीरू पुत्र बालकराम निवासी झौनीखेड़ा मजरा करलांवा तथा अरबी हसन पुत्र उस्मान निवासी कहचारी, थाना कासिमपुर के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान शकील के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और 570 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नकली चाबी की मदद से भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों से बाइक व स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को जंगल में छिपाकर रखा जाता था और बाद में दूसरे जिलों में बेच दिया जाता था।

पुलिस ने बताया कि बरामद अधिकांश वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे उनकी पहचान छिपाई जा सके। आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। शकील पर हरदोई और लखनऊ में चोरी, धोखाधड़ी और वाहन चोरी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वीरू और अरबी हसन के खिलाफ भी विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम, उपनिरीक्षक अजीत निराला, उपनिरीक्षक प्रियंक शर्मा, हेड कांस्टेबल रतन सिंह, हेड कांस्टेबल जयकरन, कांस्टेबल सुशील कुमार, कांस्टेबल गौरव गुर्जर, महिला कांस्टेबल अरविंद, महिला कांस्टेबल राजेश और कांस्टेबल अर्पित यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button