कछौना पुलिस ने मोबाइल लुटेरे गैंग का किया पर्दाफाश
बाइक व मोबाइल सहित 5 गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: कछौना पुलिस ने मोबाइल लूट की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी समेत पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार कछौना थाना क्षेत्र के ग्राम नारायण देव और डबल नहर पुलिया क्षेत्र में अज्ञात बाइक सवार बदमाशों द्वारा राहगीरों से मोबाइल फोन छीनने की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम लगातार जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लखनऊ-हरदोई हाईवे स्थित कटियामऊ अंडरपास के नीचे घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने मोनू कुमार पुत्र पुत्तीलाल निवासी छोटी बेहन्दर थाना कासिमपुर, शिवा पुत्र ताराशंकर निवासी मियागंज थाना आसीवन, राज पुत्र मटरू कश्यप निवासी मियागंज थाना आसीवन जनपद उन्नाव, अनूप कुमार पुत्र रोशनलाल निवासी असाही आजमपुर थाना कासिमपुर तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटे गए दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की हैं।
थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने क्षेत्र में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह, प्रमोद कुमार पाल सहित कछौना पुलिस टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल लुटेरों में हड़कंप मच गया है, जबकि स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

