उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

जमीन विवाद में मां-बेटे पर हमला, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के अडरामऊ गांव में जमीन विवाद को लेकर एक वृद्ध महिला और उनके बेटे पर कथित जानलेवा हमले के मामले में न्यायालय के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार अडरामऊ निवासी 65 वर्षीय ब्रजरानी पत्नी बाबू के पुत्र राजीव कुमार ने अपने चाचा की जमीन का बैनामा कराया था। इसी को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। आरोप है कि ब्रजरानी के भाई रामपाल और उनके परिजन उन्हें खेत जोतने से रोक रहे थे।

बताया गया कि 13 नवंबर की शाम रामपाल, संतोष कुमार, प्रियांशु, राम रानी और हीरावती कथित रूप से लाठी-डंडों और अवैध तमंचे के साथ ब्रजरानी के घर में घुस आए। आरोपियों ने वृद्ध महिला के साथ मारपीट की और घर में रखी नकदी भी ले जाने का आरोप है।

महिला की आवाज सुनकर उनका बेटा राजीव कुमार बीच-बचाव के लिए पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान उन पर भी हमला किया गया। पीड़ित पक्ष का यह भी कहना है कि आरोपियों ने वृद्ध महिला को बांधकर बाहर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के पहुंचने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़िता ने जिला अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया, जिसमें चोटों की पुष्टि होने का दावा किया गया है। आरोप है कि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने के बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

न्यायालय के आदेश पर हरपालपुर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button