डीएम की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण, गंगा एवं पर्यावरण समिति की बैठक संपन्न

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित की गई। बैठक में वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण और नदियों के पुनरोद्धार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को वृक्षारोपण के लिए निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने विभाग के लिए नोडल अधिकारी नामित कर उसकी सूचना प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी को उपलब्ध कराएं। साथ ही वृक्षारोपण स्थलों के चयन एवं कार्ययोजना तैयार करने का कार्य समय से पूरा किया जाए।
डीएम ने मिशन छाया, वंदे मातरम वाटिका, महर्षि चरक औषधि वाटिका, समरस वन और समृद्धि वन जैसी योजनाओं के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर समय पर पौधरोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गड्ढा खुदाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग तथा पर्याप्त ऊंचाई वाले पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में मियावाकी वन, नक्षत्र वाटिका और गंगा वन विकसित किए जाने की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को औषधीय एवं फलदार पौधों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय तथा प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित घरों में सहजन का पौधा अवश्य लगाया जाए।
नदियों की सफाई और पुनरोद्धार पर जोर
जिला गंगा समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नामित सदस्यों का परिचय प्राप्त किया और संबंधित अधिकारियों को नदियों की सफाई, संरक्षण एवं पुनरोद्धार के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नैना झील को विकसित करने के निर्देश
जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा के दौरान डीएम ने अधिकारियों को समय से सूचनाएं प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लखनऊ बाईपास स्थित नैना झील को पिकनिक स्पॉट के रूप में संरक्षित एवं विकसित करने के लिए प्रभावी कार्यवाही करने को कहा।
बैठक में नेहा व्याडवाल, प्रफुल्ल त्रिपाठी, दीपाली भार्गव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

