उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व किशोरियों को किया गया जागरूक

जन एक्सप्रेस / हरदोई: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को अरवल थाना क्षेत्र के मुरचिया गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अरवल थाना की मिशन शक्ति टीम ने गांव में चौपाल लगाकर महिलाओं और किशोरियों से संवाद किया।

इस दौरान मिशन शक्ति टीम में शामिल महिला आरक्षी मधुबाला और रिम्मी भदौरिया ने प्रतिभागियों को गुड टच और बैड टच की जानकारी दी। साथ ही साइबर ठगी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन उत्पीड़न, हैकिंग, ओटीपी फ्रॉड और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होने वाले अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181, 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन), 108 तथा 102 जैसी सेवाओं का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।

पंपलेट वितरित कर किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए। साथ ही उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कानूनी सहायता संबंधी जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button