उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

6 सूत्रीय मांगों को लेकर एकजुट हुए व्यापारी, सरकार से लगाई गुहार

व्यापार मंडल ने स्वास्थ्य बीमा, आजीवन लाइसेंस और बिजली राहत की मांग, उपजिलाधिकारी को सौंपा पत्र

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: नौतनवा के उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद को सौंपा है। नगर अध्यक्ष संतोष अग्रहरि के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में व्यापारियों से जुड़ी छह प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
व्यापार मंडल ने मांग की कि जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की जाए तथा आगजनी जैसी दुर्घटनाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए दुकानों का एक करोड़ रुपये तक का बीमा कराया जाए। इसके अलावा विभिन्न विभागों में बकाया राशि अथवा रिटर्न विलंब से जमा करने पर लगाए जाने वाले 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर 9 प्रतिशत करने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में सभी विभागों के लाइसेंस को आजीवन मान्य किए जाने, विभागीय सर्वे एवं छापेमारी संबंधी प्रावधान समाप्त करने तथा बिजली बिल में मीटर रीडिंग के अतिरिक्त लगाए जाने वाले फिक्स चार्ज और न्यूनतम शुल्क खत्म करने की मांग उठाई गई।
नगर अध्यक्ष संतोष अग्रहरि ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान होने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारी वर्ग को राहत मिलेगी। उन्होंने व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी किए जाने की भी मांग की।
इस दौरान किशोर मद्धेशिया, अनिल श्रीवास्तव, वीरेंद्र जायसवाल, दिनेश वर्मा, रमेश जायसवाल, विंध्याचल मद्धेशिया, सचिन श्रीवास्तव, संतोष सहारा, संजय सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button