उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग सुधारने को डीएम सख्त, अधिकारियों को चेताया

राजस्व वसूली, सीएम डैशबोर्ड और विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर एवं सीएम डैशबोर्ड से संबंधित राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का आकलन करते हुए उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मंडी समिति, खाद्य एवं औषधि प्रसंस्करण, खाद्य पदार्थों की उपलब्धता, जनपद में गन्ना भुगतान, डूडा आवास, पीएम स्वनिधि, कृषि एवं गैर-कृषि भूमि संबंधी मामलों, अधिवास, आय एवं जाति प्रमाण पत्र, राजस्व वादों के निस्तारण, एंटी भू-माफिया अभियान, मुख्यमंत्री कृषि दुर्घटना बीमा, राजस्व वसूली, स्वामित्व योजना, एआरटीओ, खनन, स्टाम्प तथा आईजीआरएस सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विभागों के लक्ष्यों का पुनर्निर्धारण किया जाना है, वे आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र लक्ष्य निर्धारित करें, ताकि आगामी बैठक में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति की समीक्षा की जा सके। उन्होंने राजस्व वसूली को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की रैंकिंग में सुधार के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें, जिससे जिले की स्थिति बेहतर हो सके। नगर विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों (ईओ) को चेतावनी दी कि अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर समीक्षा बैठकों में अनुपस्थित रहने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनपद की मंडी समितियों का नियमित निरीक्षण करें तथा मंडी सचिवों की शिथिलता अथवा लापरवाही पाए जाने पर अपनी जांच रिपोर्ट उनके समक्ष प्रस्तुत करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदारगण, जिला आबकारी अधिकारी, विभिन्न नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button