उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहाथरस

हाथरस: कपड़ा, साड़ी और टेंट शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

जन एक्सप्रेस/हाथरस: जनपद के सादाबाद क्षेत्र स्थित बिसावर कस्बे में बस स्टैंड के निकट एक कपड़ा, साड़ी और टेंट शोरूम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें देखते ही देखते पूरे शोरूम में फैल गईं, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम में रखा कपड़ा, साड़ियां, टेंट और अन्य सामान कुछ ही देर में आग की चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही बिसावर चौकी पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।

फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक शोरूम में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। आग की वजह से भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा है और उसका एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों की भी मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर रखा और राहत कार्य में सहयोग किया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि अग्निशमन विभाग और पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button