हाथरस में अटल कन्वेंशन सेंटर का भूमि पूजन, 7 करोड़ से अधिक की लागत से होगा निर्माण

जन एक्सप्रेस/हाथरस: जिले के विकास को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना अटल कन्वेंशन सेंटर का भूमि पूजन सोमवार को मथुरा रोड स्थित हतीसा गांव में संपन्न हुआ। भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य, सांसद अनूप प्रधान, स्थानीय विधायक एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर परियोजना की शुरुआत की। बताया गया कि अटल कन्वेंशन सेंटर का निर्माण लगभग 7 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जाएगा और इसे एक वर्ष के भीतर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
निर्माण के बाद यह कन्वेंशन सेंटर आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे सरकारी, सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यावसायिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना हाथरस जिले के विकास को नई गति प्रदान करेगी और क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाएगी।
अटल कन्वेंशन सेंटर हाथरस शहर के मथुरा रोड स्थित हतीसा गांव में विकसित किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद यह जिले की एक प्रमुख सार्वजनिक सुविधा के रूप में उभरेगा।




