उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

ई-रजिस्ट्री के निजीकरण के विरोध में अधिवक्ताओं का उग्र प्रदर्शन

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: निबंधन विभाग में प्रस्तावित ई-रजिस्ट्री के निजीकरण के विरोध में अधिवक्ताओं, स्टाम्प वेंडरों और दस्तावेज लेखकों का आंदोलन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर कलमबंद हड़ताल करते हुए अधिवक्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और प्रतीकात्मक रूप से सरकार की शव यात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराया।

अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विमलेश लोधी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, स्टाम्प विक्रेता और दस्तावेज लेखक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि निबंधन विभाग के निजीकरण का प्रस्ताव अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों और स्टाम्प विक्रेताओं के हितों के खिलाफ है, इसलिए इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने सरकार से प्रस्तावित व्यवस्था को तत्काल वापस लेने की मांग की। उनका कहना था कि निजीकरण से पारंपरिक व्यवस्था प्रभावित होगी और इससे हजारों लोगों की आजीविका पर असर पड़ेगा।

अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विमलेश लोधी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने अधिवक्ताओं की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया और प्रस्तावित कानून को वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के अधिवक्ता एकजुट होकर बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

फिलहाल अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन और कलमबंद हड़ताल जारी है, जिससे निबंधन कार्य भी प्रभावित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button