उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई के जहानीखेड़ा मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, मां-बाप और बेटी समेत तीन की मौत

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: राष्ट्रीय राजमार्ग पर जहानीखेड़ा मोड़ के पास मंगलवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे ने सुल्तानपुर के एक परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं। दर्दनाक दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी थी। कार में सवार लोग जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे।

हादसे में सुल्तानपुर निवासी विमल सिंह (40), उनकी पत्नी वंदना सिंह पटेल (30) और उनकी 22 वर्षीय बेटी आलीख्या वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।

वहीं दुर्घटना में वीर पटेल, रुबी और उनके मामा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में शाहजहांपुर रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि एक पूरे परिवार के सपनों और खुशियों के एक साथ बिखर जाने की दर्दनाक कहानी बन गया है। क्षेत्र में घटना को लेकर शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button