उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में NEET 2026 परीक्षा की तैयारियों पर डीएम की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा 2026 को लेकर जिलाधिकारी अनुनय झा ने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के साथ स्वामी विवेकानंद सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं एवं परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) का कड़ाई से पालन करते हुए पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

डीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, पंखे, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में बनाए गए क्लॉक रूम में अभ्यर्थियों के बैग रखने से पहले उनकी जांच की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकानों, साइबर कैफे एवं अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों को परीक्षा समाप्त होने तक बंद रखा जाए।

अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए। वहीं पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए तथा प्रमुख चौराहों और परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दीपाली भार्गव, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button