हरदोई में जुए के फड़ पर पुलिस का बड़ा छापा, 13 गिरफ्तार, नकदी और 11 वाहन बरामद

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलग्राम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से संचालित जुए के फड़ पर छापेमारी करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से नकदी, ताश के पत्ते तथा कई दोपहिया और चारपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों, वांछित अभियुक्तों, वारंटियों और जुआ-सट्टा संचालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बिलग्राम पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग एक स्थान पर एकत्र होकर बड़े स्तर पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी हरदोई, कन्नौज, औरैया, फर्रुखाबाद और मैनपुरी जनपद के निवासी हैं। सभी आरोपी अवैध रूप से जुआ खेलने और खाईबाड़ी करने में संलिप्त पाए गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 43,220 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, 8 चारपहिया वाहन, 2 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी बरामद की। बरामद सभी वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में किशना गुप्ता, जगदीश, सुरेन्द्र, सुरेन्द्र कुमार, ग्रीसचन्द्र, उपेन्द्र, प्रवीण, उमाकान्त, अमित, अजय कुमार सिंह, ओमशरण, सुनील कुमार एवं धनीराम शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना बिलग्राम में मुकदमा संख्या 269/26 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 13 में मामला दर्ज किया है। साथ ही पूछताछ कर यह जानकारी जुटाई जा रही है कि जुए का यह नेटवर्क कब से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।




