
जन एक्सप्रेस/ पुरोला: विकासखंड पुरोला के हुड़ोली बाजार में सार्वजनिक पैदल मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर ग्रामीण किशन सिंह रावत ने उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने और मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि उनकी दशकों पुरानी दुकान के निकट स्थित सार्वजनिक पैदल मार्ग पर कुछ माह पूर्व कथित रूप से अतिक्रमण कर दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही है। उनका आरोप है कि इस संबंध में तहसील प्रशासन, पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
किशन सिंह रावत ने बताया कि उन्होंने 29 जनवरी 2026 को उपजिलाधिकारी पुरोला, 31 मार्च को प्रभारी मंत्री, 9 अप्रैल को मुख्यमंत्री तथा 27 मई को मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि उपजिलाधिकारी कार्यालय की ओर से अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया गया था, लेकिन बाद में कार्रवाई रुक गई और अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
ज्ञापन में प्रशासन से सार्वजनिक पैदल मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा मामले में शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने परिवार के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
वहीं, उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला ने बताया कि जांच के दौरान दोनों पक्षों द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया गया है। दोनों के चालान कर दिए गए हैं तथा नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






