केशव प्रसाद मौर्य का जनता दर्शन: आवास, आयुष्मान, कैंसर इलाज और बिजली समेत शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

Jजन एक्सप्रेस /लखनऊ :- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने सरकारी आवास 7, कालिदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, नए ट्रांसफार्मर की स्थापना, चकमार्गों पर अतिक्रमण, राजस्व विवाद, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाओं, आयुष्मान भारत कार्ड, चिकित्सा सहायता तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों में उप मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों से सीधे दूरभाष पर बात कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

कई जिलों के मामलों में दिए निर्देश
मोहनलालगंज की सरोज कुमार ने आयुष्मान भारत कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की, जबकि हरदोई के नीरज मौर्य ने अपनी बहन के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/कन्या विवाह सहायता योजना के तहत आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। दोनों मामलों में अधिकारियों को पात्रता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
आजमगढ़ के लेडूपार गांव की ग्राम प्रधान विभावती सिंह ने गांव में 25 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग रखी, जिस पर विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं आगरा की गुड्डी ने मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा कानपुर देहात की आरती देवी ने पुलिस भर्ती परीक्षा में स्वास्थ्य कारणों से नेबुलाइज़र ले जाने की अनुमति देने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने दोनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

गंभीर बीमार मरीजों को प्राथमिकता से सहायता
जनता दर्शन में कैंसर और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों से जुड़े कई मामले भी सामने आए। मुरादाबाद की रामवाला, कानपुर की कंचन मिश्रा और बाराबंकी के मुन्नीलाल ने कैंसर उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। वहीं सौगंध देवी ने एसजीपीजीआई, लखनऊ में भर्ती कराकर इलाज कराने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कई जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से की सीधी बात
केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन के दौरान रामपुर, झांसी, कानपुर देहात, प्रयागराज और फिरोजाबाद के जिलाधिकारियों के अलावा कन्नौज, अलीगढ़, सुल्तानपुर और वाराणसी के पुलिस अधिकारियों से भी दूरभाष पर बातचीत कर लंबित मामलों के शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता दर्शन केवल शिकायतें सुनने का मंच नहीं बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा हर शिकायत का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।






