हरदोई के रूपापुर चौराहे पर डबल डेकर बसों का जाम, क्षमता से अधिक सवारियां भरने के आरोप

जन एक्सप्रेस/हरदोई। हरदोई जिले के रूपापुर चौराहे पर इन दिनों डबल डेकर बसों के संचालन को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि शाम होते ही बसों की भीड़ के कारण चौराहे पर लंबा जाम लग जाता है, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब हर 20 मिनट में दो से तीन डबल डेकर बसें रूपापुर चौराहे पर पहुंचती हैं। ये बसें दिल्ली, गुरुग्राम, गाजियाबाद, पानीपत, जयपुर और हरियाणा के लिए सवारियां भरती हैं। आरोप है कि बस संचालक स्लीपर सीट के नाम पर यात्रियों से मनमाना किराया वसूलते हैं और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर यात्रियों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि हरपालपुर, पाली और रूपापुर क्षेत्र में कुछ लोग कमीशन के आधार पर बसों के लिए सवारियां जुटाते हैं। इसी कारण शाम के समय बसों की लंबी कतार लग जाती है और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती है।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि यह पूरा घटनाक्रम रूपापुर पुलिस चौकी के सामने होता है, लेकिन पुलिस और एआरटीओ विभाग की ओर से नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
हालांकि, कुछ दिन पहले थाना प्रभारी प्रिंस कुमार ने क्षमता से अधिक सवारियां भरने के आरोप में दो डबल डेकर बसों को सीज कर संचालकों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी थी। लेकिन स्थानीय लोगों का दावा है कि कार्रवाई के अगले ही दिन बसों की संख्या फिर बढ़ गई और जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो संबंधित बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
नोट: क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, मनमाना किराया वसूलने तथा पुलिस की निष्क्रियता संबंधी आरोप स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों पर संबंधित विभागों की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।





