उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में ₹2.5 करोड़ की चोरी का खुलासा

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: शहर के रेलवेगंज इलाके में थोक किराना व्यापारी पंकज अग्रवाल के घर हुई करीब ₹2.5 करोड़ की सनसनीखेज चोरी का हरदोई पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली शहर पुलिस, स्वाट, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने इस मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,28,99,310 नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 16-17 जुलाई की रात व्यापारी के घर में काम करने वाले कर्मचारियों ने पहले मालिक को कथित रूप से नशीला पदार्थ खिलाया, जिससे वह गहरी नींद में सो गए। इसके बाद उन्होंने अपने साथियों को बुलाकर घर में रखी नकदी से भरे बैग वाहन में लादे और फरार हो गए।

CCTV और तकनीकी जांच से खुला राज

सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सबसे पहले घर में काम करने वाले कर्मचारियों पर संदेह हुआ। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस लखनऊ के मड़ियाव तक पहुंची, जहां कथित मास्टरमाइंड अजय शुक्ला अपने सहयोगियों के संपर्क में मिला।

पुलिस का कहना है कि गिरोह ने चोरी की रकम को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर विभिन्न लोगों के पास छिपा दिया था ताकि पुलिस तक कोई बड़ा सुराग न पहुंचे। लगातार छापेमारी और पूछताछ के बाद पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों से ₹1.28 करोड़ से अधिक नकदी बरामद कर ली।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने इस मामले में अजय शुक्ला, विशाल उर्फ गोलू, शोभित, बदन, केशव, शिवम, नीरज, परम किशोर, सनी वाल्मीकि, प्रिंस, दीपक साहू, सनी गुप्ता, अमान और महफूज उर्फ लाली को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस की जांच जारी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के अधिकांश सदस्य मजदूरी का कार्य करते थे और उनकी शैक्षणिक योग्यता भी सीमित है। पुलिस के अनुसार, अंदरूनी जानकारी और सुनियोजित योजना के आधार पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस चोरी की शेष रकम और मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button