हरपालपुर में ब्राह्मण महासभा की प्रबुद्ध जागरण यात्रा का भव्य स्वागत

जन एक्सप्रेस / हरदोई: अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा.) की ‘प्रबुद्ध जागरण यात्रा’ के हरपालपुर पहुंचने पर पलिया तिराहा स्थित गेस्ट हाउस में भव्य स्वागत समारोह एवं वैचारिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन, व्यापारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उद्योग व्यापार मंडल के ब्लॉक अध्यक्ष गौरव द्विवेदी ने अपने सहयोगियों के साथ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।
सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सामाजिक एकजुटता, संगठन की मजबूती और शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए हरदोई के नए जिलाध्यक्ष एवं महिला जिलाध्यक्ष को मनोनयन पत्र सौंपे। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से समाज के दुःख-दर्द में सहभागी बनने तथा नई पीढ़ी को शत-प्रतिशत शिक्षित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में ब्राह्मण समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने युवाओं और व्यापारियों से सामाजिक हितों की रक्षा तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान समाजहित, शिक्षा और संगठनात्मक विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित लोगों ने सामाजिक समरसता और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्थानीय व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।






