बीजेपी की नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल का कानपुर में भव्य स्वागत

जन एक्सप्रेस/ कानपुर:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल के कानपुर आगमन पर मंधना स्थित आशीर्वाद गेस्ट हाउस में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
समारोह में बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा, विधायक राहुल सोनकर, पूर्व जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) कृष्ण मुरारी शुक्ला, कल्याणपुर ब्लॉक प्रमुख अनुराधा अवस्थी, चौबेपुर ब्लॉक प्रमुख राजेश शुक्ला, हिमांशु पाल, पीयूष मिश्रा सहित अनेक भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पूजा पाल को माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों के बीच उनका जोरदार अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में पूजा पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है तथा अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों के चलते उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
पूजा पाल ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा की विकास और सुशासन की नीतियों पर भरोसा जताते हुए पार्टी को प्रचंड बहुमत देगी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार को फिर से सेवा का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर भी चर्चा की।






