आजमगढ़उत्तर प्रदेशराज्य खबरें

आज़मगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी नौकरी रैकेट के 3 और आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/आज़मगढ़: उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले में रानी की सराय थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन और शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 12 हो गई है। इससे पहले पुलिस इस गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी नियुक्ति पत्र, फर्जी पुलिस वेरिफिकेशन, सरकारी मुहरें और अन्य सरकारी दस्तावेज तैयार कर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय था और लोगों से लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी करता था।

आज़मगढ़ पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, नकली मुहरें, प्रिंटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बताया कि गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था। आरोपी फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार कर लोगों का विश्वास जीतते थे और नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से एक बड़े फर्जी भर्ती रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button