कानपुर: छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में सिपाही हिरासत में, कल्याणपुर पुलिस कर रही जांच

जन एक्सप्रेस/कानपुर :- कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक छात्रा से कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार के आरोप में पुलिस विभाग के एक सिपाही को हिरासत में लिया गया है। मामले की सूचना मिलने के बाद कल्याणपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पूछताछ के लिए थाने ले गई। मामले की जांच जारी है।
परिजनों के अनुसार, आरोपी सिपाही पड़ोस में किराये के मकान में रहता था और पिछले कुछ दिनों से छात्रा के साथ कथित तौर पर अभद्र टिप्पणियां करने, पीछा करने और परेशान करने की कोशिश कर रहा था। छात्रा ने कई बार उसे ऐसा न करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोप है कि उसकी हरकतें नहीं रुकीं।
इसके बाद छात्रा ने पूरी घटना अपने पिता को बताई। पिता ने जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, छात्रा के बयान के बाद आरोपी सिपाही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी 2025 बैच का सिपाही सुरेंद्र है और उसकी तैनाती कल्याणपुर थाने में बताई जा रही है। आरोप है कि वह अपनी सरकारी पहचान का दबाव बनाकर छात्रा को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






