UP Breaking NewsUP POLICEUPPOLICEउत्तर प्रदेशकौशांबी

कौशांबी में लेखपाल पर घर में घुसकर मारपीट व छिनैती का आरोप

आकाश मिश्र संवाददाता

जन एक्सप्रेस /कौशांबी :- जनपद के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के टेंवा गांव में एक महिला ने क्षेत्रीय लेखपाल पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, छिनैती और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

टेंवा गांव निवासी मुन्नी देवी का आरोप है कि 3 अगस्त को क्षेत्रीय लेखपाल बसंत लाल अपने एक साथी के साथ उनके घर पहुंचे। उस समय घर में महामृत्युंजय जाप का धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था। आरोप है कि दोनों ने घर में घुसकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और विरोध करने पर धक्का-मुक्की व मारपीट की।

पीड़िता का यह भी आरोप है कि इस दौरान लेखपाल ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उनके बेटे को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।

मुन्नी देवी ने अपने शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि उनकी बहू कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही है। ऐसे कठिन समय में हुई इस घटना से पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button