UP Breaking Newsउत्तर प्रदेशहरदोई

हरदोई में राजघाट पर गंगा चेतावनी बिंदु से 24 सेमी ऊपर, रामगंगा में भी बढ़ रहा जलस्तर

 

संवाददाता : बीजी मिश्र

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई।हरिद्वार व नरौरा बैराज से गंगा नदी में लगातार छोड़े जा रहे पानी से हरदोई जिले में गंगा व रामगंगा नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सिंचाई विभाग द्वारा बुधवार की सुबह बाढ़ संबंधी जारी रिपोर्ट के अनुसार हरदोई के राजघाट पर गंगा नदी का जलस्तर 125.55 मीटर दर्ज किया गया, जो 125.31 मीटर के चेतावनी बिंदु से 24 सेंटीमीटर ऊपर है। हालांकि नदी अभी 125.81 मीटर के खतरा बिंदु से 26 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। इसके चलते जिला प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।

रामगंगा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। हालांकि शाहजहांपुर के विभिन्न गेज स्थलों पर नदी अभी खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए हरदोई के रामगंगा तटीय गांवों में भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

रामगंगा (कुंडा) नदी किनारे बसे नाऊ पुरवा, खद्दीपुर (चैन सिंह), बरान, बेडीजोर, नंदना, बेहटा मुड़िया, इस्माइलपुर, चंद्रमपुर, खुर्रमपुरवा, खजुरियापुरवा, बरगदापुरवा, अंधइया, सेमरा, कालिकापुरवा, करनपुर, मगरौरा और शिया गांवों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं गंगा नदी के किनारे स्थित तेरा पुरसौली, डुंडेपुरवा, जिगनी, मंसूरपुर, उमरौली जैतपुर, लालपुर, करनपुर, नगरा, साहसी, बरगदापुरवा, कढ़िलेपुरवा, बंजरियापुरवा, नारायनपुर, तुलसीपुरवा और हैदराबाद गांवों के ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार हरदोई में पिछले 24 घंटे में 17 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं हरिद्वार से गंगा में 1,02,734 क्यूसेक तथा नरौरा बैराज से 1,11,969 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। गढ़ नदी में नानकसागर और ड्यूनी (पीलीभीत) बांधों से फिलहाल कोई पानी नहीं छोड़ा गया है।

जिला प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है। राजस्व, सिंचाई, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही न करने, अफवाहों से बचने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और स्थिति बिगड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button