UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशहरदोई

बढ़ते जलस्तर के बीच सीओ प्रवीण यादव ने कुसुमखोर गंगा घाट का किया निरीक्षण

 

संवाददाता : बीजी मिश्र

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बुधवार को अरवल थाना क्षेत्र स्थित कुसुमखोर गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक करुणेश पाठक एवं अन्य पुलिसकर्मियों के साथ नाव से घाट का निरीक्षण किया और बाढ़ की स्थिति तथा सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सीओ ने गंगा घाट तक आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं स्नानार्थियों से अपील की कि मुख्य घाट तक न जाएं और घाट से पहले स्थित छोटे रजबहे में ही स्नान करें, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिसकर्मियों को लगातार गश्त करने, लोगों को जागरूक करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए।

सीओ प्रवीण कुमार यादव ने घाट पर की गई बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और प्रकाश की उपलब्धता की भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि रात्रि के समय सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उच्च अधिकारियों से अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था तथा चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के संबंध में वार्ता की गई है, ताकि लोगों को समय रहते सचेत किया जा सके।

क्षेत्राधिकारी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और तटीय क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय लोगों से भी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक रूप से गंगा घाट की ओर न जाने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button