उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

14 अगस्त को पीएम श्री अटल उत्कृष्ट कॉलेज में मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका दिवस

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया जाएगा सम्मानित

जिला संवाददाता – नरेंद्र रावत

जन एक्सप्रेस / रुद्रप्रयाग: भारत विभाजन की पीड़ा को स्मरण करने और राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का संदेश देने के लिए 14 अगस्त को जनपद रुद्रप्रयाग में विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम प्रातः 9 बजे पीएम श्री अटल उत्कृष्ट स्वामी सच्चिदानंद राजकीय इंटर कॉलेज, रुद्रप्रयाग में आयोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य भारत विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही विस्थापित परिवारों के संघर्ष और पीड़ा को स्मरण करना है। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, अखंडता और विश्व शांति के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों एवं परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा, ताकि विभाजन की विभीषिका और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाई जा सके।

कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ जनप्रतिनिधि एवं आमजन भी प्रतिभाग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button