कीचड़ में तब्दील सड़कें खोल रहीं विकास की पोल, करनपुर अरवल के ग्रामीण परेशान

रिपोर्ट-प्रशांत तिवारी
जन एक्सप्रेस हरदोई :- हरदोई।हरपालपुर विकास के तमाम दावों के बीच हरपालपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत करनपुर अरवल की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। यहां के ग्रामीणों के लिए घर से बाहर निकलना भी एक बड़ी चुनौती बन गया है।गांव में अहिवरन के घर से लेकर रामदास सक्सेना के घर तक जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे सड़क पर पैदल चलना भी दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि एक तरफ जहां उनका गांव रामगंगा नदी के नजदीक होने के कारण बाढ़ की विभीषिका झेलने को विवश है, वहीं दूसरी तरफ गांव के भीतर की बदहाल सड़कें उनके दुखों को और बढ़ा रही हैं।
सड़क पर भरे भारी कीचड़ के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी शैतानी पुत्र महावीर ने बताया कि उन्हें सरकार द्वारा आवास योजना का लाभ तो मिला है, लेकिन सड़क पर कीचड़ भरा होने के कारण उनके घर तक निर्माण सामग्री नहीं पहुंच पा रही है, जिससे उनके आवास का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है।
कीचड़ से लबालब भरी इस सड़क से त्रस्त होकर अहिवरन, रामजीवन, रामरतन, शिवपाल और शैतानी सहित दर्जनों ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस सड़क का निर्माण या मरम्मत कार्य नहीं कराया गया, तो उन्हें आने वाले दिनों में और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है।





