बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे डीएम और एसपी, राहत कार्यों का लिया जायजा

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- शनिवार को जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बिलग्राम थाना क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम बांण और जरैला का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक सामग्री वितरित की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने तथा राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए। साथ ही ग्रामीणों से अपील की कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं समय से पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीओ बिलग्राम राम सूरत सोनकर, एसडीएम एन. राम, प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






