मिशन शक्ति अभियान में छात्र-छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों व साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत थाना हरपालपुर पुलिस ने आरआरबी मेमोरी पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक अंजना सचान एवं महिला आरक्षी आशा ने छात्र-छात्राओं को 1090 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन तथा 181 महिला हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित हेल्पलाइन पर तत्काल संपर्क करना चाहिए।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए। समझाया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में समय गंवाए बिना 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने तथा संबंधित बैंक को तत्काल सूचना देने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं महिला-बाल सुरक्षा योजनाओं की भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध एवं महिला-बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।






