बाढ़ प्रभावित गांवों में पशु स्वास्थ्य शिविर, पशुओं की जांच कर बांटी निशुल्क दवाएं

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को हरपालपुर विकासखंड के अरवल, बेहटामुड़िया, बरगदापुरवा, अलीशेरपुरवा समेत प्रभावित गांवों में पशुपालन विभाग की टीम ने शिविर लगाकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया और पशुपालकों को निशुल्क दवाएं वितरित कीं। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हरिमोहन वर्मा के नेतृत्व में टीम लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर पशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।शिविर में कुल 424 पशुओं को दवा वितरण तथा 206 पशुओं का टीकाकरण किया गया।
बाढ़ के दौरान जलभराव और गंदगी के कारण पशुओं में संक्रमण, बुखार, त्वचा संबंधी रोग, दस्त तथा अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए पशुपालकों को पशुओं को दूषित पानी न पिलाने, उन्हें साफ एवं सूखे स्थान पर रखने, चारा सुरक्षित रखने तथा बीमार पशु को अन्य पशुओं से अलग रखने की सलाह दी जा रही है। पशुओं के रहने वाले स्थान की नियमित सफाई और कीटाणुनाशक का प्रयोग करने पर भी जोर दिया गया।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हरिमोहन वर्मा ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विभाग की टीमें लगातार भ्रमण कर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि पशुओं में बीमारी के कोई लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार करने के बजाय तत्काल पशु चिकित्सकों को सूचना दें। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान पशुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सूखे स्थान पर रखना तथा साफ पानी और गुणवत्तापूर्ण चारा उपलब्ध कराना बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। विभाग की टीमें जरूरतमंद पशुपालकों तक पहुंचकर हरसंभव चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार सक्रिय हैं।






