बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में प्रशासन ले रहा जायजा, किसी भी बाढ़ पीड़ित को नहीं होने दी जाएगी समस्या : शिवानी सिंह
हरदोई के सवायजपुर तहसील क्षेत्र में गंगा, रामगंगा, गर्रा और गंभीरी नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई गांव, खेत और संपर्क मार्ग प्रभावित हैं। प्रशासन ने राहत के लिए राजस्व, स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा और खाद्य विभाग की टीमें सक्रिय की हैं।

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई।सवायजपुर तहसील क्षेत्र में गंगा, रामगंगा, गर्रा और गंभीरी नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के चलते कई गांवों के साथ खेतों और संपर्क मार्गों तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए तहसील प्रशासन लगातार प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेकर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में जुटा है। प्रशासन की ओर से राजस्व, स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा और खाद्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में सक्रिय रहकर लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही हैं।
नदियों के किनारे बसे गांवों में ग्रामीणों के सामने जहां खेतों में खड़ी फसलों के नुकसान की चिंता है, वहीं पशुओं के लिए हरे चारे की उपलब्धता भी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन की टीमें ग्रामीणों से संपर्क कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ले रही हैं और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही हैं।
सवायजपुर एसडीएम शिवानी सिंह ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। प्रभावित गांवों में अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें भेजकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी बाढ़ पीड़ित को समस्या नहीं होने दी जाएगी। जरूरतमंद ग्रामीणों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बाढ़ की स्थिति में घबराने के बजाय प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी समस्या या आवश्यकता की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं सहायता पहुंचाई जा सके।प्रशासन की सक्रियता से बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों द्वारा जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।






