बाढ़ राहत शिविर में 319 पशुओं को दवा, 200 का टीकाकरण

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई नदियों का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र में आई बाढ़ के मद्देनजर पशुपालन विभाग द्वारा हरपालपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत ढकपुरा एवं ग्राम कुंडपुरा में बाढ़ प्रभावित पशुपालकों को राहत पहुंचाने के लिए पशुपालन विभाग की टीम ने बाढ़ राहत शिविर लगाया। शिविर के दौरान 319 पशुओं को आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया, जबकि 200 पशुओं का टीकाकरण कराया गया।

पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हरिमोहन की मौजूदगी में पशुपालन विभाग की टीम ने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर पशुपालकों को बाढ़ के दौरान पशुओं के उचित रखरखाव के संबंध में जानकारी दी। साथ ही संक्रामक रोगों से बचाव के उपाय बताते हुए पशुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थान पर रखने, साफ पानी उपलब्ध कराने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई। विभागीय टीम ने पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया।






