लगातार बारिश से भरभराकर गिरी कच्ची दीवार,मलबे में दबकर किसान की मौत

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई। लगातार हो रही बारिश अब किसानों के लिए आफत बनती जा रही है। थाना कछौना क्षेत्र के ग्राम सभा गाजू के मजरा फतेपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में कच्ची दीवार के नीचे दबकर किसान की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।फतेपुर निवासी सुंदरलाल (55) पुत्र स्वर्गीय रामचरण के घर के बाहर कच्ची दीवार बनी थी, जिसमें भूसा भरा हुआ था। लगातार बारिश के कारण दीवार में पानी जाने लगा। बारिश से बचाव के लिए सुंदरलाल दीवार पर पन्नी डाल रहे थे।
इसी दौरान अचानक कच्ची दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई और वह मलबे के नीचे दब गए।हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर किसान को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। राजस्व कर्मचारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक किसान गाँव मे खेती बाड़ी करकर परिवार का पालन पोषण करता था। दर्दनाक घटना से परिवार में मातम पसरा है। वहीं ग्रामीणों में भी हादसे को लेकर चिंता और शोक का माहौल है।






