भारी बारिश के दृष्टिगत एसडीएम शिवानी सिंह ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण
भारी बारिश के बीच SDM का निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/हरदोई । चक्रवाती मौसम एवं लगातार हो रही भारी बारिश के दृष्टिगत उपजिलाधिकारी सवायजपुर शिवानी सिंह ने तहसील क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर संवेदनशील स्थानों, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, नदी की तटबंधी से सटे गांवों तथा जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम गौरिया समेत कई प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
एसडीएम शिवानी सिंह ने बारिश एवं संभावित जलभराव को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्यायों के बारे में जानकारी ली।एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाए और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।निरीक्षण के दौरान राजस्व एवं पुलिस टीम को भी क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की टीम द्वारा क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।इस दौरान कोतवाली सवायजपुर के प्रभारी निरीक्षक प्रिंस कुमार सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-बी जी मिश्र





