हरदोई

हरदोई में अतिवृष्टि से 7 जनहानि,7 घायल ,330 मकान प्रभावित

Hardoi Rain: भारी बारिश से हरदोई में जनहानि और नुकसान, 7 लोगों की मौत, 330 मकान प्रभावित

जन एक्सप्रेस / हरदोई। जनपद में 25 सितंबर से 27 सितंबर तक खराब मौसम एवं अतिवृष्टि के दौरान जनहानि, पशुहानि और मकानों के प्रभावित होने से संबंधित प्रशासनिक सूचना जारी की गई है। रविवार सुबह 11:30 बजे तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जनपद में कुल 7 जनहानि,7 घायल, 30 पशुहानि तथा 330 मकानों के प्रभावित होने की सूचना दर्ज की गई है। वहीं फसल क्षति की सूचना शून्य दर्ज की गई है।रिपोर्ट के अनुसार संडीला तहसील क्षेत्र में दो जनहानि अतिवृष्टि तथा एक सर्पदंश से संबंधित दर्ज की गई है। यहां छह लोग घायल हुए हैं, 16 पशुहानि तथा 87 मकान प्रभावित हुए हैं। जलभराव की स्थिति वाले स्थानों पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई भी की गई। कुल 33 लोगों को पंचायत घर एवं विद्यालय में शिफ्ट किया गया, जबकि 39 लोगों को आसपास के घरों में सुरक्षित पहुंचाया गया।

शाहाबाद तहसील में एक जनहानि, एक घायल तथा 28 मकानों के प्रभावित होने की सूचना है। यहां दो राहत शिविर सक्रिय हैं, जिनमें कुल 25 लोग आवासित हैं तथा उनके भोजन-राशन आदि की व्यवस्था की गई है।सदर तहसील क्षेत्र में दो जनहानि, एक घायल, 12 पशुहानि तथा 52 मकानों के प्रभावित होने की सूचना दर्ज की गई है। जलभराव वाले क्षेत्रों से 12 लोगों को पंचायत घर में शिफ्ट किया गया था। इनमें से संबंधित व्यक्तियों को उनके गांव में ही संबंधियों के घर सुरक्षित पहुंचाया गया।सवायजपुर तहसील में एक जनहानि, एक पशुहानि तथा 80 मकानों के प्रभावित होने की सूचना है। वहीं झोपड़ी में रखा सामान नष्ट होने की जानकारी दर्ज की गई है। बिलग्राम तहसील में जनहानि अथवा पशुहानि की सूचना नहीं है, हालांकि 83 मकान प्रभावित बताए गए हैं।

प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट में कुल 330 मकान प्रभावित तथा फसल क्षति शून्य दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button