
चंद्रप्रकाश बहुगुणा
जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी: पीएम श्री राजकीय आदर्श कीर्ति इंटर कॉलेज उत्तरकाशी के विज्ञान भवन में आयोजित जनपद स्तरीय द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 में जिले के पांच विकासखंडों के 36 चयनित बाल वैज्ञानिकों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भटवाड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, नौगांव और पुरोला ब्लॉक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम “सतत भविष्य के लिए परिवर्तनकारी विचार” रखी गई।
प्रतियोगिता के दौरान बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा को परखने के लिए विभिन्न चरण आयोजित किए गए। इसमें लिखित परीक्षा के साथ बहुविकल्पीय प्रश्न, विजुअल राउंड, वीडियो राउंड, रैपिड फायर और बजर राउंड शामिल रहे। अलग-अलग चरणों में विद्यार्थियों ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी से जुड़े विषयों पर अपनी समझ और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन किया।
सीनियर वर्ग में जीआईसी डुंडा की छवि नौटियाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सरस्वती विद्या मंदिर चिन्यालीसौड़ के इशांत कोठारी द्वितीय और बेस्ट हिल ग्रीन पब्लिक स्कूल बड़कोट के आदित्य तृतीय स्थान पर रहे। वहीं जूनियर वर्ग में जीआईसी बनचौरा के सभित रावत ने प्रथम, जीआईसी मजगांव की देशवी भट्ट ने द्वितीय और राजकीय जूनियर हाई स्कूल लाटा के ओम नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र अमोली और जिला समन्वयक लोकेंद्र सिंह परमार ने विजेता बाल वैज्ञानिकों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को पुरस्कार, मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।
जिला समन्वयक लोकेंद्र सिंह परमार ने बताया कि जनपद स्तर पर चयनित चार सदस्यीय टीम अब उत्तरकाशी का प्रतिनिधित्व राज्य स्तरीय साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रीमियर लीग-2026 में करेगी। यह प्रतियोगिता 23 और 24 अक्टूबर को विज्ञान धाम, देहरादून में आयोजित होनी है। उन्होंने कहा कि सीमांत पर्वतीय जिले के विद्यार्थियों का राज्य स्तर के लिए चयन उनके वैज्ञानिक कौशल और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर है।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जीआईसी गढ़ बरसाली के प्रधानाचार्य अनिल बिष्ट, जीआईसी पुरोला के वीरेंद्र सिंह पंवार और जीआईसी रोंतल के गंभीर पाल राणा शामिल रहे। क्विज का संचालन गंभीर पाल राणा ने किया।
कार्यक्रम में शिक्षकों प्रवीण कुमार, प्रवीण राणा, संजय राणा, रोहिणी बिष्ट, सरिता राठौर, कल्पना असवाल, अशोक चौहान, विजय प्रकाश गौड़, प्रताप सिंह, आशीष सेमवाल, शिखा भद्री और देवेश सेमवाल ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। प्रतियोगिता ने जिले के विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान किया।