देश

राहुल पर फर्जी केस डालकर उन्हें संसद से निकाल दिया गया

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कर्नाटक में लगातार चुनाव प्रचार कर रही है। कर्नाटक के श्रृंगेरी में उन्होंने प्रचार कौ दौरान भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी पर फर्जी केस डालकर उन्हें संसद से निकाल दिया गया है। कांग्रेस नेता ने अपने संबोधन में कहा कि जब इंदिरा गांधी का सबसे मुश्किल संघर्ष का समय था तो यहां की जनता उनके साथ खड़ी रही। उनके खिलाफ भी एक केस लगाया गया और उनको भी संसद से निकाला गया, आप उन्हें संसद में वापस लाए।

प्रियंका ने कहा कि आज उनके पोते राहुल गांधी पर उसी तरह से फर्जी केस डालकर संसद से निकाल दिया गया है और राहुल गांधी को पूरा विश्वास है कि इस देश की जनता हमारे साथ खड़ी रहेगी। हम सच्चाई का संघर्ष कर रहे हैं। वहीं, एक सभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि भाजपा सत्ता बनाए रखने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त का सहारा लेती है, जैसा कि उन्होंने मणिपुर, गोवा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में किया है। वे सीबीआई और ईडी को भी विधायकों को डराने के लिए भेजते हैं।इसलिए, कर्नाटक के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वह कांग्रेस पार्टी को एक ठोस बहुमत प्रदान करे, जिससे हमें वह करने में सक्षम बनाया जा सके जो आवश्यक है।

इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा की एक हालिया टिप्पणी को लेकर मंगलवार को सत्तारूढ़ पार्टी पर तीखा प्रहार किया और कहा कि कर्नाटक को मौजूदा समय के किसी नेता के आशीर्वाद की जरूरत नहीं है और ‘वोट नहीं देने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आशीर्वाद’ नहीं मिलने की धमकी देना’ राज्य की जनता का अपमान है। उन्होंने एक चुनावी सभा में प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि इस ‘40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार’ ने कर्नाटक को बेशर्मी एवं बेरहमी से लूटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button